सिंदुरिया में युवक का शव फंदे से लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। मिठौरा क्षेत्र के सिंदुरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंदुरिया गांव में शनिवार सुबह 18 वर्षीय युवक का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची सिंदुरिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए तथा युवक का मोबाइल फोन भी जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया।


जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सिंदुरिया गांव निवासी जयप्रकाश शर्मा के छोटे पुत्र नीरज शर्मा (18) के रूप में हुई है। वह फर्नीचर का कार्य करता था। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार रात भोजन करने के बाद नीरज अपने कमरे में सोने चला गया था।


शनिवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजन उसे बुलाने पहुंचे। कमरे का दरवाजा खोलने पर नीरज का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारा और घटना की सूचना पुलिस को दी।


सूचना मिलते ही सिंदुरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य संकलित किए हैं।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *