34 एटीएम कार्ड, 45 हजार नकद व बाइक बरामद, महराजगंज-गोरखपुर-कुशीनगर में फैला था नेटवर्क
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। साइबर ठगी और एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खाते से रुपये उड़ाने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का श्यामदेउरवा पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 45 हजार रुपये नकद, 34 विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रदीप कुमार पासवान व संदीप पासवान निवासी मोहरीपुर थाना चिलुआताल जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम पिपरपाती से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार अभियुक्त एटीएम बूथों की पहले रेकी करते थे और फिर सुनसान स्थानों पर लोगों की मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदलकर खाते से रुपये निकाल लेते थे।
जांच में सामने आया कि गिरोह महराजगंज, गोरखपुर और कुशीनगर जनपदों में सक्रिय था। आरोपी ग्रामीण क्षेत्रों में घूम-घूमकर सामान बेचने का काम करते थे ताकि किसी को उन पर संदेह न हो। पुलिस के अनुसार अपराधी मोबाइल फोन का कम इस्तेमाल करते थे और वारदात के लिए किराये के वाहनों का प्रयोग करते थे। बीते चार माह से यह गिरोह सक्रिय था और पिछले दो महीनों में लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा था।
श्यामदेउरवा थाना पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ मु0अ0सं0 123/2026 व 129/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रामानुज यादव, उपनिरीक्षक अंजनी कुमार, हेड कांस्टेबल भीमल यादव, हेड कांस्टेबल प्रमोद यादव तथा कांस्टेबल सोनू सिंह यादव शामिल रहे।

