जिन्हें सौंपी गई थी मतदाता सूची की जिम्मेदारी, उनका ही नाम गायब; बरगदही में सैकड़ों वोटरों के नाम कटने पर हंगामा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


बीएलओ, पूर्व प्रधान प्रत्याशी, बीडीसी सदस्य, कोटेदार व आशा कार्यकर्ताओं समेत कई लोगों के नाम सूची से बाहर; ग्रामीणों ने पुनः सत्यापन की उठाई मांग


भिटौली, महराजगंज। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच घुघली  ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा बरगदही में मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम कटने का मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिन बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को मतदाता सूची के पुनरीक्षण, नाम जोड़ने और संशोधन की जिम्मेदारी दी गई थी, उनका ही नाम नई सूची से गायब मिला है।


जानकारी के अनुसार ग्राम सभा बरगदही में दो मतदान केंद्र हैं। दोनों बूथों के बीएलओ राम अवतार पुत्र अकलू और शबनम खातून पत्नी बदरू जमा का नाम मतदाता सूची में नहीं पाया गया। इसके अलावा पूर्व प्रधान प्रत्याशी रविंद्र यादव, पूर्व बीडीसी सदस्य रामदुलारे, कोटेदार विनोद, आशा कार्यकर्ता विशाल, संगीता, शमसुज्जमा, तौफीक आलम सहित अनेक लोगों के नाम भी सूची से कटे मिले हैं।


ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम सभा में सैकड़ों पात्र मतदाताओं के नाम बिना किसी स्पष्ट कारण के मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते नामों को पुनः शामिल नहीं किया गया तो बड़ी संख्या में लोग पंचायत चुनाव में मतदान के अधिकार से वंचित हो जाएंगे।


बीएलओ राम अवतार ने बताया कि जनवरी 2025 में प्राप्त मतदाता सूची में कुल 910 मतदाता दर्ज थे। इसके बाद 38 नाम जोड़ने तथा 192 नाम हटाने की प्रक्रिया प्रस्तावित की गई थी। हालांकि कई मामलों में अंतिम कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि नई सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 2002 दिखाई जा रही है, जबकि पहले से कटे हुए कई नाम अब भी शामिल नहीं किए गए हैं।


ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ग्राम सभा में पुनः गहन सत्यापन अभियान चलाकर पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएं, ताकि कोई भी व्यक्ति अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रहे। मामले को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग प्रशासन से शीघ्र समाधान की उम्मीद लगाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *