हर्षोदय टाइम्स / बिमलेश कुमार पाण्डेय
महराजगंज। घुघली विकासखंड के भरवालिया गांव में नाली व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। गांव की मुख्य सड़क पर गंदा पानी लगातार बह रहा है, जिससे सड़क नाले में तब्दील हो गई है। बदबू, कीचड़ और मच्छरों के प्रकोप से ग्रामीणों का जीना दूभर हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है। वर्षों से गंदा पानी सड़क पर जमा रहता है, लेकिन जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधि सिर्फ आश्वासन देकर पल्ला झाड़ लेते हैं। सड़क पर पानी भरे रहने से आवागमन बाधित हो रहा है, स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
गंदे पानी के कारण मच्छरों की संख्या में भारी इजाफा हो गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। दुर्गंध के कारण आसपास रहना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें:
- नाली की तत्काल सफाई और मरम्मत कराई जाए।
- गंदे पानी की समुचित निकासी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।
इस संबंध में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि महेन्द्र यादव ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और जल्द ही समस्या के समाधान के लिए कार्रवाई की जाएगी।
अब सवाल यह उठता है कि क्या प्रशासन सिर्फ आश्वासन तक ही सीमित रहेगा या भरवालिया के ग्रामीणों को इस नारकीय स्थिति से मुक्ति भी मिलेगी?


