हर्षोदय टाइम्स/ कृष्ण नारायण त्रिपाठी
बृजमनगंज/महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के घोड़नामपुर चौराहे पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्राम सभा महुलानी टोला ओली नगर निवासी 57 वर्षीय रंगीलाल प्रजापति बृजमनगंज बाजार से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह घोड़नामपुर चौराहे पर स्थित अमित ऑटो फ्यूल के सामने मुड़ने लगे, तभी सामने से तेज गति से आ रही बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। दूसरी बाइक पर सवार दो युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज पहुंचाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

