भैंसा हत्याकांड: विनोद तिवारी के परिजनों से मिला सपा प्रतिनिधिमंडल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

पुलिस जांच पर उठाए सवाल, कहा–आवश्यक हुआ तो सदन में उठेगा मामला

हर्षोदय टाइम्स/विवेक कुमार पाण्डेय

भिटौली/महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के भैंसा गांव में बीते 7 दिसंबर को रास्ते के विवाद में विनोद तिवारी की निर्मम हत्या से क्षेत्र में अब भी तनाव का माहौल है। गांव के ही वतन वर्मा और बैजनाथ वर्मा पर आरोप है कि दोनों ने कुल्हाड़ी से हमला कर विनोद तिवारी की हत्या कर दी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर दोनों अभियुक्तों को जेल भेज दिया है, जबकि अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच जारी है।

इसी बीच समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को मृतक विनोद तिवारी के परिजनों से मिला और उन्हें सांत्वना दी। सपा जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने पीड़ित परिवार से पूरी घटना की जानकारी ली और कहा कि यह मामला राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के संज्ञान में लाया जाएगा

उन्होंने कहा कि यदि किसी भी आरोपी को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से बचाने का प्रयास हुआ तो समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को सदन में मजबूती से उठाएगी। जिलाध्यक्ष ने परिजनों को हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

इस अवसर पर सपा के वरिष्ठ नेता अजय कुमार गुप्ता उर्फ लल्ला भैया, संतोष कृष्ण त्रिपाठी, अमरनाथ यादव, समसुद्दीन अली सिद्दीकी, शत्रुघ्न कनौजिया, अर्जुन यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *