‘भारत विज्ञान यात्रा’ के तहत वैज्ञानिक सोच और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा
पनियरा, महराजगंज। मदर्स डे के अवसर पर 10 मई 2026 को हाजी अजहर खान इंटरमीडिएट कॉलेज, पनियरा में ‘भारत विज्ञान यात्रा’ के अंतर्गत भव्य ‘साइंस सेमिनार 2026’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण अंचल के छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
सेमिनार में 400 से अधिक छात्र-छात्राओं के भाग लेने की संभावना है। कार्यक्रम को विशेष बनाने के लिए छात्र-छात्राओं की माताओं को भी आमंत्रित किया जाएगा, जिससे मदर्स डे का महत्व और अधिक बढ़ सके।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मोटिवेशनल स्पीकर दिशांक सर ‘जीवन में विज्ञान और माँ का महत्व’ विषय पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। वे बताएंगे कि जिस प्रकार माँ बच्चों को जीवन का पहला पाठ सिखाती है, उसी प्रकार विज्ञान मनुष्य को तर्क और समझ विकसित करना सिखाता है।
वहीं केमिस्ट्री एक्सपर्ट एसटी अली रसायन विज्ञान के दैनिक जीवन में उपयोग को रोचक प्रयोगों के माध्यम से समझाएंगे। साथ ही वे IIT JAM और CSIR NET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स भी साझा करेंगे।
कॉलेज के प्रधानाचार्य ने बताया कि मदर्स डे पर आयोजित यह कार्यक्रम शिक्षा और विज्ञान को नई दिशा देने वाला साबित होगा। उन्होंने कहा कि “विज्ञान भी एक माँ की तरह मानव जीवन को संवारता है और नई खोजों के माध्यम से समाज को बेहतर बनाने का कार्य करता है।”

