मानकों को ताक पर रख हो रहा निर्माण! भड़के मोहल्लेवासी, बीच में रुकवाया सीसी रोड का काम

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


सभासद प्रतिनिधि ने मौके पर पहुंच जताई नाराजगी, घटिया सामग्री इस्तेमाल करने का लगाया आरोप


परतावल/महराजगंज। नगर पंचायत परतावल के वार्ड संख्या-11 स्वतंत्रता सेनानी नगर में चल रहे सीसी रोड और नाली निर्माण कार्य को लेकर बुधवार को स्थानीय लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। निर्माण में अनियमितता और घटिया सामग्री उपयोग किए जाने का आरोप लगाते हुए नागरिकों ने हंगामा किया, जिसके बाद कार्य को बीच में ही रुकवा दिया गया।


सूचना मिलने पर सभासद प्रतिनिधि कृष्णा महाजन मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। जांच के दौरान उन्होंने सड़क निर्माण में प्रयुक्त सरिया समेत अन्य सामग्री को मानक के अनुरूप न बताते हुए नाराजगी जताई। साथ ही नाली निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए।


स्थानीय निवासी राजेन्द्र बरनवाल, पिंटू त्रिलोकीनाथ, अष्टभुजा, सूरज व अन्य लोगों का कहना था कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी की जा रही है। आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा कम गुणवत्ता वाली सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे सड़क और नाली की मजबूती पर असर पड़ेगा।


बताया जा रहा है कि लगभग 250 मीटर लंबी यह सड़क दीनदयाल बरनवाल के घर से सादिक के घर तक बनाई जा रही है। मोहल्लेवासियों ने मांग की कि निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा मानक के अनुरूप दोबारा निर्माण कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *