नवागत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने संभाला कार्यभार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

योजनाओं की प्रभावी डिलीवरी पर दिया जोर


महराजगंज जनपद के नवागत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बुधवार को विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट में उपस्थित अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली।


इस दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की सभी जनोन्मुखी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं की डिलीवरी में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


जिलाधिकारी ने विशेष रूप से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत संचालित लखपति दीदी योजना को महत्वपूर्ण बताते हुए इसके बेहतर क्रियान्वयन पर जोर दिया। साथ ही नगर विकास के क्षेत्र में जनपद को बेहतर प्रदर्शन करने के निर्देश दिए।


उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण को गंभीरता से लेते हुए इसे प्रभावी तरीके से लागू करने तथा जनसहभागिता बढ़ाने की बात कही। जल संचय को लेकर भी उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इसे जन अभियान के रूप में विकसित किया जाए, जिससे आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।


राजस्व से जुड़े मामलों के निस्तारण को शीर्ष प्राथमिकता बताते हुए जिलाधिकारी ने लंबित वादों के शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए। उन्होंने जनसुनवाई को गुणवत्तापूर्ण और परिणामपरक बनाने पर जोर देते हुए कहा कि फरियादियों को संतुष्ट करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।


इसके अलावा स्मार्ट मीटर के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने तथा उनसे जुड़ी आपत्तियों का त्वरित समाधान करने के निर्देश भी दिए गए। स्वगणना कार्य को प्रभावी ढंग से संपादित कराने को भी उन्होंने प्रशासनिक प्राथमिकताओं में शामिल किया।


जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देशों से यह संकेत मिला कि जनपद में प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित को सर्वोपरि रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *