हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरेन्दा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.998 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी फरेन्दा दीपशिखा वर्मा के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के दौरान थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को अम्बेडकर तिराहे से महराजगंज जाने वाले मार्ग पर स्थित एक चाय की दुकान के पास छापेमारी की। तलाशी के दौरान तीनों आरोपितों के कब्जे से कुल 1.998 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रामवृक्ष गुप्ता (67), संजय गुप्ता (35) तथा विरेन्द्र कुमार गुप्ता (30) निवासी वार्ड नंबर-17, लाजपत नगर, थाना फरेन्दा, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है।
इस संबंध में थाना फरेन्दा पर मु0अ0सं0 191/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपितों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक सौरभ पटेल, कांस्टेबल आज्ञाराम यादव, अनिल यादव, विनय मौर्य तथा महिला कांस्टेबल सीमा कुमारी शामिल रहीं।

