हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज जनपद के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा का स्थानांतरण फिरोजाबाद जनपद में होने के बाद उनके एक वर्ष के कार्यकाल की चर्चा आमजन में व्यापक रूप से हो रही है। प्रशासनिक नवाचार, जनसरोकार और विकास के कई आयामों को स्थापित करने वाले उनके कार्यकाल को लोग याद कर रहे हैं।
जिलाधिकारी के नेतृत्व में बी-पैक्स महासदस्यता अभियान को अभूतपूर्व सफलता मिली। अभियान के तहत 1.30 लाख से अधिक सदस्य बनाए गए तथा सहकारी समितियों को 2.20 करोड़ रुपये की अंश पूंजी प्राप्त हुई, जिससे महराजगंज प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा। इससे समितियों का व्यापार बढ़ा और रबी सत्र में किसानों को खाद की समस्या से राहत मिली। साथ ही एक वर्ष में 34 निष्क्रिय सहकारी समितियों को पुनः सक्रिय कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दी गई।
जनसुनवाई व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए जिलाधिकारी ने जनता दर्शन को आमजन के लिए अधिक सुलभ बनाया। अधिकारियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम लागू किया गया। शिकायतों के निस्तारण के लिए प्रभावी और पारदर्शी प्रक्रिया विकसित की गई, वहीं स्वयं भी वर्चुअल माध्यम से लोगों से संवाद कर समस्याएं सुनीं।
ग्राम चौपालों को पुनर्जीवित कर उन्हें प्रभावी बनाया गया। सदर से लेकर सोहागीबरवा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में चौपाल आयोजित कर जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान कराया गया।
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में ‘विरासत वृक्ष अभियान’ के तहत लगभग 550 गांवों में प्राचीन व ऐतिहासिक वृक्षों का चिन्हांकन कर संरक्षण सुनिश्चित किया गया। ‘सीटीयू निर्माण’ के माध्यम से अनुपयोगी स्थानों को विकसित कर सार्वजनिक उपयोग के योग्य बनाया गया। गौशालाओं के सुदृढ़ीकरण के साथ उन्हें सीसीटीवी कैमरों से जोड़कर आईसीसीसी के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ को जनआंदोलन का रूप दिया गया, जिससे जनपद देश के शीर्ष 10 जिलों में शामिल हुआ। ‘कस्तूरबा मेंटरशिप प्रोग्राम’ के तहत बालिकाओं के सर्वांगीण विकास पर ध्यान दिया गया। वहीं ‘रानी लक्ष्मीबाई सम्मान कोष’ के अंतर्गत 10 वर्षों से लंबित लगभग 500 प्रकरणों का दो माह में निस्तारण कर पीड़ित महिलाओं और बच्चियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।
राजस्व एवं प्रशासनिक सुधारों में ‘फॉर्मर रजिस्ट्री’ अभियान को मिशन मोड में संचालित किया गया। अधिकारियों द्वारा सुबह गांव-गांव जाकर कार्य संपादित किया गया, जिसकी ऑनलाइन मॉनिटरिंग की गई। ‘एसआईआर’ कार्य भी समयबद्ध और विवादरहित ढंग से पूरा किया गया, जिसकी सभी वर्गों ने सराहना की। पुराने वादों के निस्तारण में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई।
नेपाल में हुई बस दुर्घटना के दौरान जिलाधिकारी की संवेदनशीलता सामने आई, जब उन्होंने नेपाल प्रशासन से समन्वय स्थापित कर घायलों को त्वरित चिकित्सा सहायता दिलाई और सुरक्षित भारत लाकर उपचार सुनिश्चित कराया।
कुल मिलाकर संतोष कुमार शर्मा का कार्यकाल महराजगंज में विकास, पारदर्शिता और संवेदनशील प्रशासन का प्रतीक रहा। उनके स्थानांतरण पर जनपदवासियों व अधिकारियों ने भावपूर्ण विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

