पिपरा बाबू पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, सिसवा विधायक की पत्नी को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


वृंदावन में हृदयाघात से हुआ था निधन, शोक संतप्त परिवार को बंधाया ढांढस

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज, 04 मई 2026। जनपद महराजगंज में सोमवार की शाम संवेदना का माहौल उस समय गहरा गया, जब प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath सिसवा विधायक प्रेम सागर पटेल के पैतृक आवास ग्राम पंचायत पिपरा बाबू पहुंचे। उन्होंने विधायक की दिवंगत पत्नी स्वर्गीय विंद्रावती देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।


मुख्यमंत्री ने विधायक प्रेम सागर पटेल से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और इस दुखद क्षण में परिवार को धैर्य रखने का संबल दिया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरा प्रदेश परिवार के साथ खड़ा है और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।


गौरतलब है कि विंद्रावती देवी का निधन 23 अप्रैल 2026 को वृंदावन में हृदयाघात के चलते हुआ था। उनके निधन के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी। उनका अंतिम संस्कार त्रिमुहानी घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व स्थानीय लोग शामिल हुए थे।


श्रद्धांजलि कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही। पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया और नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।


इस दौरान विधायक के परिजन पुत्र धर्मवीर पटेल, कर्मवीर पटेल, धीरज पटेल तथा परिवार की अन्य महिलाएं व सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान माहौल भावुक बना रहा और सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *