हर्षोदय टाइम्स / अर्जुन चौधरी
निचलौल/महराजगंज- 18/04/2026, शनिवार दोपहर करीब 2:45 बजे निचलौल–सिसवा मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अमहवा गांव के लालपुर टोला के पास तेज रफ्तार और बेकाबू जनरेटर की चपेट में आने से बाइक सवार महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, अमहवा गांव के समीप एक टेंट हाउस का भारी जनरेटर टोचन के सहारे ले जाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक जनरेटर का नियंत्रण बिगड़ गया और सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार महिला और युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही निचलौल के नवागत थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी शिनाख्त कराने में जुटी है और आसपास के थानों को भी सूचना दे दी गई है।

