हर्षोदय टाइम्स /काशीनाथ पाण्डेय ब्यूरो
वाराणसी, 11 फरवरी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। शिक्षा नगरी वाराणसी में इस बार 118 परीक्षा केंद्रों पर करीब 92 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होगा। प्रत्येक केंद्र पर जोनल और स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से रियल-टाइम की जाएगी, जबकि प्रशासनिक अधिकारी लगातार औचक निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लेंगे।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर शिवहरी मीणा ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों का भौतिक सत्यापन कराया जा चुका है। सुरक्षा के मद्देनजर केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में फोटोस्टेट व स्टेशनरी की दुकानें परीक्षा अवधि के दौरान बंद रहेंगी। केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड व प्रमुख मार्गों पर विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नकल या किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन का उद्देश्य निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित परीक्षा संपन्न कराना है, ताकि विद्यार्थियों का भविष्य सुरक्षित रह सके।

