महराजगंज, 03 मई 2026। जनपद में प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सिसवा विधायक प्रेम सागर पटेल की पत्नी के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में 04 मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन को देखते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा व पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कोतवाली क्षेत्र के पिपरा बाबू स्थित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, आगमन व प्रस्थान मार्गों तथा पार्किंग स्थलों का बारीकी से जायजा लिया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हर पहलू की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
अधिकारियों ने विशेष रूप से भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन, बैरिकेडिंग और चेकिंग व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए सतर्कता बरतने और जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करने को कहा गया।
प्रशासन ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और सभी बिंदुओं पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक न हो और कार्यक्रम सकुशल संपन्न कराया जा सके।

