हर्षोदय टाइम्स / सुनील मणि त्रिपाठी
धानी बाजार/महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सिकंदरजीतपुर स्थित एक मैरेज हाल में काम करते समय हाइटेंशन तार की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। सूचना मिलते ही धानी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार शनिवार को सिकंदरजीतपुर स्थित इंदु पैलेस मैरेज हाल में 10 मार्च को होने वाले कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान गोरखपुर जिले के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खड़खड़िया टोला अमहवा निवासी दिव्यांशु यादव (16) पुत्र गनेश यादव अपने साथियों के साथ काम कर रहा था। दोपहर करीब 12 बजे वह लोहे की पाइप उठाकर ले जा रहा था, तभी मैरेज हाल के सामने से गुजर रही हाइटेंशन लाइन से पाइप छू गई और करंट की चपेट में आकर वह जमीन पर गिर पड़ा। इस घटना में उसके साथ काम कर रहा राजन यादव (17) पुत्र भजन यादव भी घायल हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों युवकों को सीएचसी धानी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दिव्यांशु को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल राजन यादव को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। घटना की खबर मिलते ही सीएचसी धानी पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि दिव्यांशु तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता गनेश यादव रोजी-रोटी के सिलसिले में पुणे में रहते हैं। मिलनसार स्वभाव के दिव्यांशु की मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
घटना की सूचना पर बृजमनगंज थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह और धानी चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


