महराजगंज। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत भिटौली पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। अपहरण के मामले में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में थाना भिटौली पुलिस ने थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसी निवासी चन्द्रेश पुत्र विद्या प्रसाद (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया। अभियुक्त थाना भिटौली में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 103/2026, धारा 137(2)/87 बीएनएस के तहत दर्ज अपहरण के मामले में वांछित था।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त को गुरुवार को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त चन्द्रेश ग्राम भैंसी, थाना भिटौली का निवासी है तथा उसने नौवीं कक्षा तक शिक्षा प्राप्त की है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक वृन्दावन यादव एवं कांस्टेबल विवेकानंद सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

