जर्जर सड़क बनी हादसों का सबब, बरगदवा राजा–चानकी घाट मार्ग पर रोज जोखिम भरा सफर

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

समाजसेवी की पहल पर जागा विभाग, पीडब्ल्यूडी ने किया निरीक्षण; जल्द तैयार होगी मरम्मत योजना

महराजगंज: सदर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत बरगदवा राजा से केवलापुर स्थित चानकी घाट पुल तक जाने वाला करीब 3 किलोमीटर लंबा मार्ग इन दिनों बदहाली की मार झेल रहा है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों ने इसे पूरी तरह खतरनाक बना दिया है, जिससे राहगीरों को रोजाना जोखिम उठाकर गुजरना पड़ रहा है। आए दिन हो रहे छोटे-बड़े हादसों से स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश दोनों बढ़ते जा रहे हैं।


यह मार्ग नौतनवा और जिला मुख्यालय महराजगंज को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिससे सैकड़ों गांवों के लोग आवागमन करते हैं। बावजूद इसके, लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण इसकी हालत लगातार खराब होती गई। ग्रामीणों के अनुसार बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब गड्ढों में पानी भर जाने से उनका अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है और दुर्घटनाएं बढ़ जाती हैं।


इस रास्ते से गुजरने वाले मरीजों, गर्भवती महिलाओं और स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार लोग गिरकर घायल हो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक ठोस कदम नहीं उठा सका था। ऐसे में बागापार के समाजसेवी उमेश चन्द्र मिश्र ने इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाया और संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित कराया।


समाजसेवी की पहल के बाद लोक निर्माण विभाग हरकत में आया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की जल्द मरम्मत कराकर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाए, ताकि रोज-रोज के हादसों पर रोक लग सके।

पीडब्ल्यूडी का निरीक्षण, जल्द बनेगी मरम्मत की कार्ययोजना
क्षतिग्रस्त सड़क का जायजा लेने के लिए पीडब्ल्यूडी महराजगंज के सहायक अभियंता रामनरेश मौर्या मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क की स्थिति का आकलन किया और बताया कि विभाग जल्द ही मरम्मत कार्य की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजेगा, ताकि शीघ्र कार्य शुरू कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *