हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज जनपद के ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां आवारा कुत्तों से बचने के प्रयास में 5 वर्षीय मासूम की खुले कुएं में गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, घटना ग्रामसभा लक्ष्मीपुर खुर्द के पूरब टोला की है। यहां निवासी वारिस का 5 वर्षीय पुत्र हसन शनिवार शाम घर के पास खेलने गया था। इसी दौरान कुछ आवारा कुत्तों ने उसे दौड़ा लिया। घबराया बच्चा जान बचाने के लिए भागा, लेकिन भागते समय वह भीम साहनी के घर के सामने स्थित एक खुले कुएं में जा गिरा।
घटना देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया और परिजनों को सूचना दी। गांव के भोला नामक व्यक्ति ने साहस का परिचय देते हुए कुएं में कूदकर बच्चे को बाहर निकाला।
आनन-फानन में उसे निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सदमे में पिता की तबीयत भी बिगड़ गई है। चौकी इंचार्ज मनीष पटेल ने बताया कि बच्चे की मौत डूबने से हुई है और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ग्रामीणों के अनुसार, जिस कुएं में बच्चा गिरा, उसे पहले जाली से ढका गया था, लेकिन कुछ दिन पूर्व सफाई के दौरान जाली का हिस्सा हटाकर दोबारा नहीं लगाया गया। इसी लापरवाही के चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ। घटना ने एक बार फिर गांवों में खुले कुओं और आवारा कुत्तों की समस्या को उजागर कर दिया है, जिस पर तत्काल ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है।

