संपूर्ण समाधान दिवस: 187 शिकायतें पहुंचीं, 18 का मौके पर निस्तारण

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज, 02 मई 2026। तहसील नौतनवा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जनशिकायतों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान कुल 187 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 18 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरण संबंधित विभागों को एक सप्ताह के भीतर निस्तारण के लिए सौंपे गए।


जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों का निपटारा केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि उसमें शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने तहसील दिवस और आईजीआरएस से जुड़ी शिकायतों की नियमित निगरानी करते हुए अधिकारियों को स्वयं पर्यवेक्षण में निस्तारण कराने के निर्देश दिए।


उन्होंने कहा कि जिन मामलों में पुलिस की आवश्यकता हो, वहां राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर जाकर समस्याओं का समाधान करे। जिला पूर्ति अधिकारी को एलपीजी सिलिंडर से संबंधित शिकायतों का 24 घंटे के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।


इसके साथ ही जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए खंड विकास अधिकारियों को वीबी-जी रामजी योजना की कार्ययोजना समय से तैयार करने को कहा। उन्होंने गांवों को भूमि विवाद मुक्त बनाने के लिए मामलों का वर्गीकरण कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।


सुनवाई में अधिकांश शिकायतें राजस्व, पुलिस, पूर्ति, पेंशन और विद्युत विभाग से संबंधित रहीं। इस दौरान डीएफओ निरंजन सुर्वे, एसडीएम नवीन प्रसाद, सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद समेत कई जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *