विजन एकेडमी में साइबर अपराध जागरूकता कार्यशाला सम्पन्न

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज। आधुनिक तकनीकी युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से विजन एकेडमी परिसर में एक विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सदर क्षेत्राधिकारी श्री अंकुर गौतम रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को साइबर ठगी, ऑनलाइन धोखाधड़ी, जालसाजी तथा डिजिटल अपराधों से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए।


कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को इंटरनेट एवं डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग के प्रति सजग बनाना था। अपने संबोधन में मुख्य वक्ता ने कहा कि वर्तमान समय में थोड़ी सी असावधानी भी व्यक्ति को आर्थिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान पहुँचा सकती है।

उन्होंने विद्यार्थियों को सचेत करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति पर डिजिटल माध्यम से विश्वास करना जोखिम भरा हो सकता है।


उन्होंने स्पष्ट रूप से आगाह किया कि निजी जानकारी, गुप्त संकेतांक (पासवर्ड), बैंक विवरण अथवा पारिवारिक सूचनाएँ किसी भी अनजान व्यक्ति या संदिग्ध प्लेटफॉर्म पर साझा न करें। साथ ही उन्होंने अनजान कॉल एवं संदेशों से सतर्क रहने, आकर्षक लिंक या इनाम संबंधी संदेशों पर भरोसा न करने, सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सीमित रखने तथा मजबूत पासवर्ड का उपयोग कर समय-समय पर उसे बदलने की सलाह दी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल अभिभावकों या संबंधित अधिकारियों को देने पर भी जोर दिया गया।


कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। मुख्य वक्ता ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उनके संवाद कौशल की सराहना की।


कक्षा आठ के आयुष पटेल, अविनाश यादव, ऋषभ पटेल, सत्यम, काजल एवं आराध्या तथा कक्षा सात की आराध्या, आरोही, श्रेयांशी, तृषा, प्रतीक पटेल, श्रेयांश मिश्रा एवं मयंक ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।


अंत में विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य वक्ता का आभार व्यक्त किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के सुरक्षित और सजग भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर प्रधानाचार्य/निदेशक अभिषेक पाण्डेय, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *