महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के पचरुखिया तिवारी गांव में बीती रात चोरी की एक घटना सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने एक सीएनजी ऑटो को निशाना बनाते हुए उसका CNG सिस्टम तोड़कर चोरी कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी केदारनाथ अपने निजी सीएनजी ऑटो से ही परिवार का भरण-पोषण करते हैं। रोजाना की तरह 27 अप्रैल की रात करीब 10 बजे उन्होंने अपना ऑटो घर के बाहर खड़ा किया और सोने चले गए। सुबह जब उन्होंने ऑटो स्टार्ट करने की कोशिश की तो वाहन चालू नहीं हुआ। इसके बाद मिस्त्री को बुलाकर जांच कराई गई, जिसमें पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने रात में ऑटो का CNG सिस्टम खोलने की कोशिश की और असफल रहने पर उसे तोड़कर चोरी कर लिया।
बताया जा रहा है कि घटना स्थल के सामने स्थित एक देसी शराब की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में चोर की गतिविधि कैद होने की संभावना है, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिल सकता है।
थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने का दावा किया गया है।

