स्वर्गद्वारी जा रही तीर्थयात्रियों की जीप खाई में गिरी, मासूम समेत दो की मौत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज, 23 अप्रैल। नेपाल के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल स्वर्गद्वारी मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे भारतीय तीर्थयात्रियों की जीप गुरुवार को भीषण हादसे का शिकार हो गई। नेपाल के प्युठान जिले के स्वर्गद्वारी नगरपालिका-4 स्थित टाकुरा क्षेत्र में एक माइक्रो जीप अनियंत्रित होकर लगभग 85 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक 3 वर्षीय बच्ची और एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।


जिला प्रहरी कार्यालय प्युठान के डीएसपी दिपेश बस्याल के अनुसार, लु 1 ज 3175 नंबर की माइक्रो जीप भिंगरी से स्वर्गद्वारी की ओर जा रही थी। टाकुरा के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे जीप खाई में जा गिरी। वाहन में उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले भिटौली थाना क्षेत्र के तीर्थयात्री सवार थे।


हादसे में 3 वर्षीय काब्या मौर्या की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल 30 वर्षीय निर्मला मौर्या ने बुटवल स्थित लुम्बिनी सिटी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना में घायल करीब 20 लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से 7 की हालत नाजुक बताई जा रही है और उनका उपचार गहन चिकित्सा कक्ष में चल रहा है।


घायलों में संजीता मौर्या, रामउदय मौर्या, लक्ष्मी मौर्या, दुर्गा मौर्या, मेसा मौर्या, पूजा मौर्या, आलोक मौर्या, शेवनाथ मौर्या, प्रीति मौर्या, शिवास मौर्या, कितिकी मौर्या, सेलहन्ता मौर्या, करन मौर्या, मीरा मौर्या, नरेश चौधरी, अंकित चौधरी, अरबिन्द राय, संध्या राय और आयुष मौर्या शामिल हैं। सभी यात्री महराजगंज जिले के भिटौली बाजार थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर शिवाला गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और खाई में गिरे घायलों को निकालकर अस्पताल भिजवाया।


उधर, हादसे की गंभीरता को देखते हुए महराजगंज प्रशासन ने तत्काल एम्बुलेंस और एस्कॉर्ट टीम को नेपाल के लिए रवाना कर दिया है। नेपाली प्रशासन और भारतीय दूतावास से लगातार समन्वय स्थापित कर घायलों को हर संभव उपचार और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।


स्थिति की निगरानी के लिए एसडीएम, क्षेत्राधिकारी और संबंधित थाना प्रभारी भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। स्थानीय पुलिस व बचाव दल द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *