घनी आबादी में कूड़े का अंबार, बीमारी फैलने का खतरा बढ़ा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज। जनपद के परतावल विकासखंड अंतर्गत जद्दू पिपरा ग्राम पंचायत में घनी आबादी के बीच जमा कूड़े का बड़ा ढेर स्थानीय लोगों के लिए गंभीर समस्या बन गया है। लंबे समय से सफाई न होने के कारण क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है, जिससे ग्रामीणों का जीवन प्रभावित हो रहा है।


ग्रामीणों के अनुसार, गांव के अधिकांश लोग वर्षों से एक ही स्थान पर घरेलू कचरा फेंकते आ रहे हैं, जिससे वहां कूड़े का अंबार लग गया है। गर्मी बढ़ने के साथ कचरे से सड़ांध उठने लगी है और आसपास रह रहे लोगों का वहां रहना मुश्किल हो गया है।


स्थानीय निवासियों का कहना है कि कूड़े के ढेर के कारण मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ी है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। स्थिति को और गंभीर बनाता है कि न तो नियमित सफाई की कोई व्यवस्था है और न ही कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है।


ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द कूड़े के निस्तारण और साफ-सफाई की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि संभावित बीमारियों से बचाव हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *