101 गुम मोबाइल लौटाकर महराजगंज पुलिस ने जीता भरोसा, करीब 30 लाख की संपत्ति सुरक्षित वापस

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज, 23 अप्रैल 2026। जनपद महराजगंज पुलिस ने तकनीक और तत्परता का शानदार उदाहरण पेश करते हुए 101 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। इस कार्रवाई से करीब 30 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति सुरक्षित वापस की गई है।


पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत सर्विलांस सेल ने CEIR पोर्टल और IMEI नंबर के माध्यम से मोबाइल फोन को ट्रैक कर उनकी पहचान सुनिश्चित की। आधुनिक तकनीकी संसाधनों की मदद से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन को खोजकर संबंधित लोगों तक पहुंचाया गया।


गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में मोबाइल स्वामियों को बुलाकर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उनके फोन सुपुर्द किए गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस टीम का धन्यवाद किया।


इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ने सर्विलांस टीम की सराहना करते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाने या सर्विलांस सेल में सूचना दें।


इस अभियान में कांस्टेबल शिवानंद पासवान, मुख्य आरक्षी चंद्रशेखर यादव, राजकुमार राजभर, आलोक पांडेय, सुधीर कुमार यादव, सूरज गुप्ता और नीरज कुमार गोंड की अहम भूमिका रही।


पुलिस के अनुसार मोबाइल गुम होने की घटनाएं अधिकतर भीड़भाड़ वाले इलाकों, यात्रा के दौरान, सार्वजनिक स्थानों या लापरवाही के कारण होती हैं। ऐसे में नागरिकों को सतर्क रहने और अपने मोबाइल की सुरक्षा को लेकर जागरूक रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *