होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, 11 केंद्रों पर 25 से 27 अप्रैल तक होगी परीक्षा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज-  22 अप्रैल 2026, जनपद में होमगार्ड भर्ती परीक्षा–2025 को 25, 26 और 27 अप्रैल को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित कर परीक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, पुलिस केंद्र प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस भर्ती बोर्ड के दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन कर लिया जाए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को परीक्षा से पूर्व जनपद के 11 परीक्षा केंद्रों का अनिवार्य निरीक्षण करने और व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी केंद्रों पर स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, मेडिकल टीम की उपलब्धता और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक केंद्र पर प्रवेश द्वार के समीप क्लॉक रूम बनाने तथा परीक्षा कक्षों में दीवार घड़ी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अतिक्रमण न हो और किसी भी परीक्षार्थी से अनावश्यक वसूली न की जाए।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने नकलविहीन परीक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाने, अफवाहों पर त्वरित रोक लगाने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक  सिद्धार्थ ने परीक्षा प्रक्रिया की जानकारी दी, जबकि जिला प्रबंधक डॉ. दिवाकर सिंह ने बताया कि जनपद के 11 केंद्रों पर कुल 25,920 अभ्यर्थी 6 पालियों में परीक्षा देंगे। प्रत्येक पाली में 4,320 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रथम पाली सुबह 10:00 से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3:00 से 5:00 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षार्थियों का प्रवेश परीक्षा से दो घंटे पूर्व प्रारंभ होगा और निर्धारित समय से आधा घंटा पहले बंद कर दिया जाएगा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, बीएसए ऋद्धि पांडेय, जिला युवा कल्याण अधिकारी वैभव सिंह, डीपीआरओ श्रेया मिश्रा, नायब तहसीलदार सदर देश दीपक त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *