महराजगंज में गैस आपूर्ति पर सख्ती, कालाबाजारी रोकने को कंट्रोल रूम स्थापित

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



महराजगंज, 22 अप्रैल 2026। जनपद में घरेलू गैस की सुचारु आपूर्ति बनाए रखने तथा गैस की कालाबाजारी व अवैध भंडारण पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम की स्थापना कराई है। आमजन अपनी शिकायतें कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 8423675896 पर दर्ज करा सकते हैं।


कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी (न्यायिक)  नवनीत गोयल बनाए गए हैं, जबकि प्रातः 08:00 बजे से अपराह्न 02:00 बजे तक एसडीएम  विजय यादव इसके संचालन व पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी संभालेंगे।


जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में डीजल, पेट्रोल और एलपीजी सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है। यदि कोई व्यक्ति या एजेंसी अवैध भंडारण या कालाबाजारी में संलिप्त पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए चारों तहसीलों में प्रवर्तन दल गठित कर औचक छापेमारी और स्टॉक रजिस्टर की जांच के निर्देश दिए गए हैं।


उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा फिलहाल घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देते हुए एलपीजी वितरण किया जा रहा है। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ओटीपी आधारित होम डिलीवरी व्यवस्था लागू है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अनावश्यक भंडारण न करें और एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं।


आंकड़ों के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को जनपद में घरेलू गैस सिलेंडर की 10054 बुकिंग हुई, जबकि औसत बुकिंग 11977 रही। उसी दिन 13333 सिलेंडरों के स्टॉक के सापेक्ष 10598 सिलेंडरों की बिक्री की गई।


पेट्रोलियम उत्पादों की स्थिति भी सामान्य बनी हुई है। जनपद के 149 पेट्रोल पंपों में से 132 पंप संचालित रहे। सुबह के समय डीजल का स्टॉक 964 किलोलीटर और पेट्रोल का स्टॉक 783 किलोलीटर दर्ज किया गया। 21 अप्रैल को डीजल की बिक्री 348 किलोलीटर और पेट्रोल की बिक्री 297 किलोलीटर रही।


प्रशासन के अनुसार जनपद में डीजल, पेट्रोल और एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी किसी प्रकार की समस्या नहीं है।

जिलाधिकारी की बाइट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *