एक वर्ष पूर्व हुई थी शादी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम मैनहवा टोला मंझरिया में बुधवार शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, क्षेत्राधिकारी, फॉरेंसिक टीम एवं राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला फंदे से लटकने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सोनी देवी (20 वर्ष) पत्नी विशाल, निवासी ग्राम मैनहवा टोला मंझरिया, थाना कोल्हुई के रूप में हुई है। उनका मायका थाना शोहरतगढ़, जनपद सिद्धार्थनगर क्षेत्र में है। करीब एक वर्ष पूर्व उनका विवाह विशाल के साथ हुआ था।
बुधवार शाम करीब 5:30 बजे ग्राम प्रधान द्वारा घटना की सूचना दिए जाने पर उपनिरीक्षक राजीव सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद क्षेत्राधिकारी फरेंदा, फॉरेंसिक टीम तथा नायब तहसीलदार सुधांशु कुमार कन्नौजिया भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया तथा घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए।
उपनिरीक्षक राजीव सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फंदे से लटकने का प्रतीत होता है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
घटना के बाद मृतका के मायके और ससुराल पक्ष में शोक का माहौल है। वहीं, क्षेत्र में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक संयम बरतने की अपील की है।

