पंचायत सहायकों का फूटा गुस्सा, मानदेय वृद्धि व कार्य विभाजन की उठी मांग

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


परतावल, महराजगंज। पंचायत सहायकों की समस्याओं को लेकर सोमवार को ब्लॉक मुख्यालय पर आवाज बुलंद हुई। ब्लॉक अध्यक्ष राजू प्रसाद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पंचायत सहायकों ने खंड विकास अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन एडीओ समाज कल्याण अधिकारी श्याम सुन्दर तिवारी को दिया गया।

पंचायत सहायकों ने अपने ज्ञापन में साफ कहा कि वर्तमान में उन्हें फार्मर रजिस्ट्री, सर्वे, आयुष्मान योजना समेत कई अतिरिक्त कार्यों में लगातार लगाया जा रहा है। इसके चलते उन्हें दिन-रात फील्ड में काम करना पड़ रहा है, जिससे न सिर्फ कार्य का दबाव बढ़ रहा है बल्कि निजी जीवन भी प्रभावित हो रहा है।

सहायकों ने आरोप लगाया कि अन्य विभागों द्वारा भी उन पर अनावश्यक दबाव बनाया जाता है, जबकि उनकी नियुक्ति पंचायत राज विभाग के अंतर्गत हुई है। उन्होंने मांग की कि कार्यों का स्पष्ट विभाजन किया जाए और अनावश्यक दबाव समाप्त किया जाए।

सबसे बड़ी समस्या मानदेय को लेकर सामने आई। पंचायत सहायकों ने बताया कि उन्हें मात्र लगभग 6000 रुपये मानदेय मिलता है, वह भी समय से नहीं मिलता, जिससे आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। उन्होंने मानदेय बढ़ाने और नियमित भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।

महिला सहायकों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कुल सहायकों में 60 प्रतिशत से अधिक महिलाएं हैं, जिन्हें देर रात तक फील्ड में काम करना पड़ता है, जिससे असुरक्षा की स्थिति बनी रहती है।

फील्ड कार्य के कारण पंचायत भवन नियमित रूप से नहीं खुल पाता, जिससे आम जनता में गलतफहमियां उत्पन्न हो रही हैं और शिकायतें बढ़ रही हैं। सहायकों ने संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई।

अंत में पंचायत सहायकों ने प्रशासन से मांग की कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए, अन्यथा वे आगे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

इस मौके पर मोनी, अनुराधा, कैसर जहाँ, सविता यादव, अन्नपूर्णा पटेल, मोहसिन खान, गरिमा दुबे, सबिदा खातून, पूजा, आफरीन, नसीमा खातून, रुसदा परवीन, अमृता भारती, आशीष कुमार, सीमा वर्मा, मेनका निषाद, निरमा गौतम सहित कई पंचायत सहायक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *