पकड़ी रेंज की बड़ी कार्रवाई: मॉनिटर लिजार्ड के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, भेजे गए जेल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज, 23 जून। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग की पकड़ी रेंज अंतर्गत वन विभाग की टीम ने वन्यजीव अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए संरक्षित वन्यजीव मॉनिटर लिजार्ड (गोह) के अवैध शिकार और तस्करी में संलिप्त तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।


वन विभाग को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर क्षेत्र में सघन निगरानी की जा रही थी। इसी क्रम में टीम ने छापेमारी कर तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक जीवित मॉनिटर लिजार्ड (गोह) बरामद किया गया, जिसे अवैध रूप से पकड़कर ले जाया जा रहा था।


पूछताछ में आरोपियों की पहचान शंकर पुत्र लक्ष्मण, साहिल पुत्र नथई तथा सागर पुत्र छविलाल निवासी जयप्रकाश नगर, वार्ड संख्या-07, नगर पालिका परिषद महराजगंज के रूप में हुई। वन विभाग ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने के बाद तीनों आरोपियों को वाइल्ड लाइफ प्रोटेक्शन एक्ट के तहत न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।


वन विभाग ने बरामद मॉनिटर लिजार्ड को सुरक्षित कब्जे में लेकर उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ने की प्रक्रिया की जा रही है।


क्षेत्रीय वन अधिकारी सुशांत मणि त्रिपाठी ने बताया कि वन्यजीवों के अवैध शिकार, तस्करी और व्यापार में शामिल लोगों के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वन्यजीव अपराध से संबंधित किसी भी सूचना की तत्काल विभाग को जानकारी दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।


इस कार्रवाई में घुघली सेक्शन प्रभारी गौरव त्रिपाठी सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम भी लगातार संचालित किए जा रहे हैं, जिससे जैव विविधता और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *