फर्जी आधार कार्ड से लोन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी, 10 हजार का इनामी अभियुक्त गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज। फर्जी आधार कार्ड बनाकर लोगों को लोन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक वांछित और इनामी अभियुक्त को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना पुरन्दरपुर में दिनांक 15 अक्टूबर 2024 को फर्जी आधार कार्ड के माध्यम से लोन दिलाने के नाम पर ठगी किए जाने का मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में आरोपी विश्व दमन पुत्र ब्रह्मदेव निवासी भैसहवा ढोढरा घाटी पासी टोला, थाना खोराबार जनपद गोरखपुर, काफी समय से फरार चल रहा था। न्यायालय द्वारा उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किया गया था।


करीब डेढ़ वर्ष बाद आरोपी को कुशीनगर जनपद के हाटा बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने तकनीकी जानकारी का उपयोग करते हुए फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों को लोन दिलाने का झांसा दिया और उनसे धन की ठगी की। उसकी शैक्षिक योग्यता पॉलिटेक्निक (इलेक्ट्रॉनिक्स) बताई गई है।
पुलिस के अनुसार मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि इस तरह के फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *