भीषण गर्मी के चलते बदला स्कूलों का समय, अब सुबह 7:30 से दोपहर 12:30 तक होंगी कक्षाएं

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज जनपद में लगातार बढ़ती गर्मी और तेज धूप को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रिद्धी पाण्डेय द्वारा जारी आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 8 तक के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों का संचालन अब नए समय के अनुसार किया जाएगा।


जारी आदेश में बताया गया है कि जिलाधिकारी महोदय, महराजगंज की अनुमति के क्रम में यह निर्णय लिया गया है। पूर्व में विद्यालयों का समय प्रातः 8:00 बजे से अपरान्ह 2:00 बजे तक निर्धारित था, जिसे अब संशोधित कर प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक कर दिया गया है।


प्रशासन का कहना है कि भीषण गर्मी के कारण छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए समय में यह परिवर्तन जनहित में किया गया है। इससे छात्रों को दोपहर की तेज धूप से बचाया जा सकेगा।


जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने निर्देश दिया है कि सभी विद्यालय इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। साथ ही संबंधित अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में आदेश का पालन सुनिश्चित कराएं।


इस संबंध में जिला सूचना अधिकारी को भी निर्देश दिया गया है कि उक्त आदेश की जानकारी जनहित में समाचार पत्रों के माध्यम से व्यापक रूप से प्रकाशित कराई जाए, ताकि सभी अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन तक सूचना समय से पहुंच सके

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *