ग्रामीणों का फूटा ग़ुस्सा, आपूर्ति विभाग ने जांच का दिया आश्वासन
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
परतावल (महराजगंज): विकास खंड परतावल की ग्राम सभा कोटवा में कोटेदार की मनमानी से ग्रामीणों का सब्र अब जवाब देने लगा है। ग्रामवासियों ने आरोप लगाया है कि उन्हें बीते तीन महीनों से सरकारी राशन नहीं मिला है, जिससे उन्हें मजबूरी में बाजार से महंगे दामों पर राशन खरीदना पड़ रहा है।
गांव की नसीमा, रोशन तारा, अशफाक, सलाहुद्दीन, आज़म और नजमा समेत दर्जनों ग्रामीणों ने कोटेदार पर आरोप लगाते हुए बताया कि जब भी वे सरकारी राशन मांगने जाते हैं, तो कोटेदार अभद्र भाषा का प्रयोग करता है और उन्हें टालमटोल कर लौटा देता है।
ग्रामीणों की इस शिकायत पर आपूर्ति निरीक्षक बृजेश पांडेय ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें मामले की जानकारी मिल चुकी है। जांच कर जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि कोटेदार की गतिविधियों की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्याओं से निजात मिल सके।

