हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
परतावल /महाराजगंज। दिवंगत अभिषेक मझद्रेशिया को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सोमवार शाम परतावल की सड़कों पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। श्रद्धांजलि और आक्रोश के संगम के रूप में निकाले गए इस मार्च में क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवाज बुलंद की।
नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि सतीश मझद्रेशिया तथा सपा नेता अजय कुमार गुप्ता उर्फ लल्ला भैया के नेतृत्व में यह जनआक्रोश मार्च परतावल चौराहे से शुरू होकर प्रमुख मार्गों से गुजरा। हाथों में पोस्टर और तख्तियां लिए प्रदर्शनकारियों ने “अभिषेक को न्याय दो” और “दोषियों को सजा दो” जैसे नारे लगाते हुए माहौल को पूरी तरह आंदोलित कर दिया।
बताया जा रहा है कि गोरखपुर जनपद के पीपीगंज नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत भगवानपुर निवासी अभिषेक मझद्रेशिया की कुछ दिन पूर्व एक अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी। इस घटना के बाद से ही परिजनों व क्षेत्रीय लोगों में गहरा आक्रोश है और वे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दर्ज मुकदमे में शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही प्रदेश सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, न्यायिक संरक्षण और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी अपील की गई।
इस दौरान सत्यभामा सिंह, कृष्णा महाजन, दिग्विजय सिंह, रंजीत मझद्रेशिया, देवराज सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। पूरे मार्च के दौरान लोगों में गुस्सा और न्याय की उम्मीद एक साथ दिखाई दी, जिससे क्षेत्र का माहौल देर तक गरमाया रहा।

