दिव्यांगों को मिलेगा स्वरोजगार का सहारा, दुकान निर्माण व संचालन हेतु आर्थिक सहायता योजना शुरू

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों के पुनर्वासन एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दुकान निर्माण एवं संचालन योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत पात्र दिव्यांगजनों को दुकान निर्माण के लिए 20 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।


जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी अभय पाण्डेय ने बताया कि इस राशि में 15 हजार रुपये 4 प्रतिशत वार्षिक साधारण ब्याज पर ऋण के रूप में तथा 5 हजार रुपये अनुदान के रूप में दिए जाएंगे। वहीं दुकान संचालन के लिए खोखा, गुमटी या हाथ ठेला खरीदने हेतु 10 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी, जिसमें 7500 रुपये ऋण एवं 2500 रुपये अनुदान के रूप में प्रदान किए जाएंगे।


योजना का लाभ उन्हीं दिव्यांगजनों को मिलेगा, जिनकी दिव्यांगता 40 प्रतिशत या उससे अधिक है, वे उत्तर प्रदेश के मूल निवासी हों तथा उनकी आय निर्धारित सीमा के भीतर हो। आवेदक की आयु 18 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए और उसके विरुद्ध कोई आपराधिक या आर्थिक बकाया मामला लंबित नहीं होना चाहिए। साथ ही दुकान निर्माण के लिए कम से कम 110 वर्ग फीट भूमि होना आवश्यक है।


अधिकारियों ने बताया कि जिन दिव्यांगजनों ने आईटीआई, पॉलिटेक्निक या किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त किया है, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। इच्छुक लाभार्थी विभागीय पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के बाद उसकी हार्ड कॉपी विकास भवन स्थित कार्यालय में जमा करनी होगी।


उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत चयन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा, इसलिए पात्र लाभार्थी समय से आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *