हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
फर्जी आधार व कई बैंक खातों के जरिए चल रहा था ठगी का नेटवर्क, 7 ATM कार्ड व मोबाइल बरामद
महराजगंज, 18 अप्रैल 2026। जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक/नोडल अधिकारी साइबर क्राइम सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। आरोपी को निचलौल क्षेत्र से पकड़ा गया, जबकि उसके दो साथी अभी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार दादर एवं नगर हवेली (दमन-दीव) की निवासी पिन्की देवी को एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया था। कॉल करने वाले ने सोने की ज्वैलरी व आईफोन गिफ्ट देने का लालच देकर कोरियर टैक्स के नाम पर 50 हजार रुपये एक मोबाइल नंबर से जुड़े यूपीआई खाते में जमा करा लिए। ठगी का शिकार होने के बाद पीड़िता ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान संबंधित बैंक खाते का पता चला, जो इंडियन ओवरसीज बैंक में करन कुमार पुत्र मोतीलाल निवासी दोगहरा, थाना परसामलिक के नाम पर खुला था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों विकास यादव पुत्र नरेन्द्र यादव एवं गुलसन यादव पुत्र नरेन्द्र यादव निवासी वजही, थाना निचलौल के साथ मिलकर विभिन्न बैंकों में कई खाते खुलवाकर ठगी की रकम मंगाते थे और आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, सात एटीएम कार्ड, पांच आधार कार्ड (जिसमें दो फर्जी) तथा चार सिम कार्ड बरामद किए हैं। आरोपी फर्जी दस्तावेजों के जरिए और बैंक खाते खोलने की तैयारी में थे। गिरफ्तार आरोपी करन कुमार (उम्र 20 वर्ष) को जेल भेज दिया गया है, जबकि उसके दोनों साथी फरार हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सजनू यादव, उपनिरीक्षक अभिलाष यादव, हेड कांस्टेबल कामेश्वर दुबे और कांस्टेबल प्रदीप कुमार शामिल रहे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या गिफ्ट ऑफर के झांसे में न आएं और संदिग्ध मामलों की तुरंत शिकायत साइबर पोर्टल पर दर्ज कराएं।

