भूमि दान कर कराया था प्राथमिक विद्यालय का निर्माण, संस्कृत के विद्वान थे स्व. त्रिपाठी
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
भिटौली (महराजगंज)। सदर तहसील के घुघली ब्लॉक अंतर्गत वी.पी. त्रिपाठी इंटर कॉलेज गोड़धोवा पंडितपुर के संस्थापक-प्रबंधक एवं संस्कृत के अवकाश प्राप्त प्रवक्ता स्वर्गीय विंध्याचल प्रसाद त्रिपाठी की 24वीं पुण्यतिथि विद्यालय प्रांगण में श्रद्धा व भावपूर्ण ढंग से मनाई गई। इस अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन व पौधारोपण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक आशुतोष त्रिपाठी, संरक्षक चंद्रमौलि त्रिपाठी, कृतिमान त्रिपाठी, प्रधानाचार्य कृष्ण गोपाल उपाध्याय समेत ग्रामीणों, शिक्षकों व छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
संरक्षक चंद्रमौलि त्रिपाठी ने कहा कि “ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा की ज्योति जलाना ही स्व. विंध्याचल प्रसाद त्रिपाठी का मकसद था। इसी सोच के तहत उन्होंने इंटर कॉलेज की स्थापना कर गांव को शिक्षा का आलोक दिया।”
प्रबंधक आशुतोष त्रिपाठी ने उन्हें गरीबों व असहायों का सच्चा हितैषी बताया। प्रधानाचार्य कृष्ण गोपाल उपाध्याय ने कहा कि वे संस्कृत के प्रखर विद्वान थे। वहीं दिनेश दुबे ने उन्हें सामाजिक कार्यकर्ता, कर्तव्यनिष्ठ और देशप्रेमी बताया। शैलेंद्र दुबे ने उन्हें साहित्याचार्य व व्याकरणाचार्य की संज्ञा दी, जबकि सुरेश दुबे ने याद दिलाया कि उन्होंने प्राथमिक विद्यालय निर्माण के लिए अपनी जमीन दान कर दी थी।
कार्यक्रम के अंत में पौधारोपण कर उनके सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर हरिओम दुबे, महेन्द्र नाथ दुबे, कृष्ण कुमार दुबे, अखिलेश, केशरीनन्दन, रविकेश गुप्ता, सोनू पासवान, अलाउद्दीन, अस्मिता त्रिपाठी, पुनम पटेल, संजना, फरिना, उजाला, बंदना समेत बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाएं व ग्रामीण मौजूद रहे।

