रेलवे ढाला पर पासिंग मार्ग की मांग को लेकर उबाल, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

उत्तराखंड महाराजगंज


पूर्व विधायक जीएम सिंह ने DM से की बात, समाधान का दिया भरोसा


घुघली/महराजगंज :घुघली क्षेत्र के ग्राम सभा मेदनीपुर के कर्मण टोला स्थित रेलवे ढाला पर पासिंग मार्ग न बनने से नाराज़ ग्रामीणों का गुस्सा गुरुवार को खुलकर सामने आ गया। आवागमन में लगातार हो रही परेशानी से परेशान लोगों ने प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।


ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे ढाला पर पासिंग मार्ग न होने के कारण आए दिन जाम जैसी स्थिति बन जाती है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों और आम राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान न होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।


सूचना मिलते ही पनियरा के पूर्व विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री देवनारायण उर्फ जीएम सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और तत्काल जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा से फोन पर वार्ता कर मामले को उठाया।
पूर्व विधायक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि पासिंग मार्ग का निर्माण होने तक वह इस मुद्दे को प्राथमिकता से उठाते रहेंगे और जरूरत पड़ने पर जिलाधिकारी से मिलकर जल्द समाधान सुनिश्चित कराएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिना मार्ग निर्माण के संबंधित कार्य को आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा।


इस दौरान पूर्व प्रधान रामरक्षा सिंह, जोखन सिंह, दरोगा सिंह, महेंद्र सिंह, सोहन चौधरी, रामबचन सिंह, उमेश तिवारी, प्रमोद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द पासिंग मार्ग बनवाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *