मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, शादी की जिद में हाई वोल्टेज ड्रामा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


युवती के इनकार के बाद पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, घंटों चला मनाने का प्रयास


महराजगंज । सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत कटहरा टोला शहीदपुर में गुरुवार भोर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक एकतरफा प्रेम के चलते मोबाइल टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। करीब 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़े युवक को नीचे उतारने के लिए पुलिस और ग्रामीणों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी।


जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी 25 वर्षीय इंसाद पुत्र सिराजुद्दीन ने दावा किया कि उसका अपने रिश्ते की एक युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध है और वह उसी से शादी करना चाहता है। युवक का आरोप है कि युवती के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी है, जिससे आहत होकर उसने यह कदम उठाया।


बताया जाता है कि गुरुवार तड़के करीब 4 बजे युवक गांव में पूर्व प्रधान कमलेश सिंह के घर के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सुबह ग्रामीणों की नजर पड़ते ही मौके पर भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।


सूचना पर बागापार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी नागेंद्र मणि ने टीम के साथ युवक को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा। स्थिति को गंभीर होते देख पुलिस ने युवती को कोतवाली बुलाया।


युवती के सामने आने के बाद ही युवक नीचे उतरने को तैयार हुआ। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया और हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया, जहां दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।


इस दौरान युवती ने साफ तौर पर युवक से किसी भी प्रकार के प्रेम संबंध से इनकार किया और कहा कि वह अपने परिवार की मर्जी से ही विवाह करेगी।


घटना के चलते गांव में कई घंटों तक तनाव का माहौल बना रहा। हालांकि पुलिस की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *