‘तेल नहीं है’ का बोर्ड लगाकर देर रात अवैध बिक्री, नेपाल तस्करों को सप्लाई का भी आरोप
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज जनपद के निचलौल तहसील क्षेत्र अंतर्गत मदनपुरा स्थित एम.एस. जे.ई. फिलिंग स्टेशन (हिन्दुस्तान पेट्रोल पंप) पर डीजल और पेट्रोल की कथित कालाबाजारी का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम सभा मदनपुरा निवासी रामकरन पटेल ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर पूरे प्रकरण की गोपनीय जांच कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार पेट्रोल पंप पर दिन के समय “डीजल-पेट्रोल उपलब्ध नहीं” का बोर्ड लगा दिया जाता है, जबकि रात के अंधेरे में चुनिंदा लोगों को गुपचुप तरीके से ईंधन उपलब्ध कराया जाता है। इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
रामकरन पटेल ने अपने शिकायती पत्र में बताया कि उनका मकान संबंधित पेट्रोल पंप के ठीक बगल में स्थित है, जिससे उन्हें रात में होने वाली गतिविधियों की प्रत्यक्ष जानकारी मिलती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीती रात लगभग 10 बजे पंप पर “तेल उपलब्ध नहीं” का बोर्ड लगा था, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोगों को चोरी-छिपे पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा था।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब वह अपनी गाड़ी में तेल भराने पहुंचे तो पंप संचालक ने उन्हें तेल देने से इनकार कर दिया और अपमानजनक टिप्पणी करते हुए कहा, “तुम नेतागिरी करते हो, तुम्हें तेल नहीं मिलेगा।” इस व्यवहार से आहत होकर उन्होंने उच्च अधिकारियों से शिकायत करने का निर्णय लिया।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि रात के समय पेट्रोल पंप की लाइट बंद कर दी जाती है और उसी दौरान कथित रूप से कालाबाजारी का खेल संचालित होता है। शिकायतकर्ता के मुताबिक रात करीब 11:50 बजे उनकी पंप मालिक से फोन पर बातचीत भी हुई, जिसमें उन्होंने पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की जांच कर सच्चाई उजागर करने की मांग की है।
मामले को और गंभीर बनाते हुए शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि पेट्रोल पंप से रात के समय नेपाल के तस्करों को गैलन में डीजल-पेट्रोल की आपूर्ति की जाती है। सीमा से सटे क्षेत्र होने के कारण यह आरोप प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन गया है। यदि जांच में यह बात सही पाई जाती है तो मामला कालाबाजारी के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा पार अवैध सप्लाई और तस्करी से भी जुड़ सकता है।
इसके अलावा शिकायतकर्ता ने पेट्रोल पंप पर उपभोक्ता सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया है। उनका कहना है कि पंप पर शुद्ध पेयजल, हवा भरने की मशीन तथा शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे ग्राहकों को भारी असुविधा होती है।
शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की गोपनीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।


