जिलाध्यक्ष प्रेमशंकर तिवारी ने पूर्व सांसद प्रतिनिधि से लगाई गुहार, रिन्यूवल व्यवस्था लागू करने की अपील
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज जनपद में कार्यरत ब्लॉक संसाधन व्यक्तियों (BRP) की नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव को लेकर आवाज उठने लगी है। इसी क्रम में बीआरपी संघ के जिलाध्यक्ष प्रेमशंकर तिवारी ने पूर्व सांसद प्रतिनिधि काशीनाथ सिंह को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से तिवारी ने आग्रह किया कि वर्तमान में प्रत्येक दो वर्ष पर नई नियुक्ति प्रक्रिया लागू होने के स्थान पर रिन्यूवल प्रणाली लागू की जाए, जिससे कार्यरत बीआरपी को स्थायित्व मिल सके। उन्होंने बताया कि बार-बार नई नियुक्ति प्रक्रिया से न केवल कर्मियों में अस्थिरता बनी रहती है, बल्कि सामाजिक अंकेक्षण (सोशल ऑडिट) कार्य भी प्रभावित होता है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि बीआरपी कर्मी मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं का सोशल ऑडिट पूरी जिम्मेदारी के साथ करते हैं, लेकिन हर दो वर्ष में पुनः आवेदन की प्रक्रिया उनके कार्य में बाधा उत्पन्न करती है, जो न्यायसंगत नहीं है।
पूर्व सांसद प्रतिनिधि काशीनाथ सिंह ने इस संबंध में हर संभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि वह इस मुद्दे को उच्च स्तर तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर मानस गुप्ता, योगेंद्र पाठक सहित कई बीआरपी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

