नगर पंचायत बृजमनगंज में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप, डीएम से उच्चस्तरीय जांच की मांग

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

विकास कार्यों, टेंडर प्रक्रिया व आउटसोर्सिंग नियुक्तियों पर उठे सवाल, जनहित में कार्रवाई की मांग

महराजगंज : नगर पंचायत बृजमनगंज में विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वार्ड नंबर 4 स्वामी विवेकानंद नगर एवं वार्ड नंबर 12 में स्थापित पानी की टंकियां केवल शोपीस बनकर रह गई हैं, जिनसे आम जनता को कोई लाभ नहीं मिल रहा है। इसके अलावा नगर पंचायत क्षेत्र में कराए गए अधिकांश निर्माण कार्यों को गुणवत्ता विहीन एवं मानक के विपरीत बताया गया है।

शिकायतकर्ता ने वार्ड नंबर 14 महात्मा गांधी नगर कलवारगढ़ एवं वार्ड नंबर 9 पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित पोखरों के सुंदरीकरण में भी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।

मुख्यमंत्री नागरोदय योजना के तहत हुए कार्यों में खर्च के मुकाबले जमीनी स्तर पर कम काम होने की बात कही गई है। इसके साथ ही सिंचाई विभाग की नहर (कुलावा) में जलनिकासी के लिए बनाए गए ढांचे में नगर पंचायत द्वारा सीसी नाली निर्माण को भी मानक के विपरीत बताते हुए सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया है।

टेंडर प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए शिकायत में कहा गया है कि अधिकांश कार्य एक ही फर्म “एमबी कंस्ट्रक्शन” को दिए गए, जिससे पारदर्शिता पर संदेह उत्पन्न होता है।
वहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष एवं ईओ पर पद के दुरुपयोग के आरोप भी लगाए गए हैं। शिकायत में बताया गया है कि कई निर्वाचित सभासदों के परिजनों को आउटसोर्सिंग के माध्यम से विभिन्न पदों पर तैनात किया गया है, जो नियमों के विपरीत है। साथ ही, एक ही व्यक्ति से जुड़े फर्म के नाम पर विभिन्न आयोजनों का भुगतान किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि नगर पंचायत में मात्र एक सामुदायिक शौचालय होने के बावजूद कई शौचालयों के रखरखाव के नाम पर हर माह धन निकासी दर्शाई जा रही है।

शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर प्रकरण पर क्या रुख अपनाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *