ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, बोले प्रशासन नहीं चेता तो होगी बड़ी अनहोनी
बिना जांच-मानक के निर्माण पर उठे सवाल, डीएम से उच्चस्तरीय जांच व कार्रवाई की मांग
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
परतावल/महराजगंज जनपद के विकास खंड परतावल अंतर्गत अन्हया से लक्ष्मीपुर देऊरवा मार्ग पर स्थित मिर्जापुर पकड़ी उर्फ रघुनाथपुर के टोला कटैया में एक जर्जर पुलिया पर कराए जा रहे पुलिया निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। पुरानी और कमजोर पुलिया की दीवार पर छत डालने का कार्य किए जाने से लोगों में हादसे की आशंका गहरा गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिया पहले से ही जर्जर हालत में है, इसके बावजूद बिना किसी तकनीकी जांच और मजबूती के आकलन के उस पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। स्थानीय लोगों ने इसे सीधे-सीधे लापरवाही करार देते हुए कहा कि यह कार्य किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
ग्रामीणों के मुताबिक, निर्माण कार्य में न तो इंजीनियरिंग मानकों का पालन किया जा रहा है और न ही संबंधित विभाग से विधिवत अनुमति ली गई है। इससे कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता दोनों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। कई बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदारों द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने से लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है।
सार्वजनिक मार्ग पर हो रहे इस निर्माण से आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में पुलिया की कमजोर स्थिति और अधिक खतरनाक साबित हो सकती है, जिससे दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाएगी।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है किभविष्य में किसी बड़ी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता।

