हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
परतावल/महाराजगंज जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत परतावल चौक के समीप बुधवार शाम करीब 4 बजे एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब गोरखपुर की ओर से आ रही रिफाइंड तेल से लदी पिकअप का अचानक टायर फट गया। टायर फटते ही वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे डिवाइडर पर पलट गया।

हादसे के बाद पिकअप में लदा रिफाइंड तेल सड़क पर फैल गया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और मार्ग पर फिसलन बढ़ गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि चालक पूरी तरह सुरक्षित रहा और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलते ही परतावल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल स्थिति को संभालते हुए यातायात को सुचारू कराया। साथ ही सड़क पर फैले तेल को साफ कराने की व्यवस्था भी कराई गई। पुलिस की तत्परता से समय रहते हालात नियंत्रित हो गए और एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

