हर्षोदय टाइम्स/ बिमलेश कुमार पाण्डेय
महराजगंज, 13 अप्रैल 2026। जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर एक और बड़ा प्रहार करते हुए थाना भिटौली क्षेत्र में एक युवक को गांजा, अवैध असलहा और वाहन के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान उमेश यादव पुत्र रामनवमी यादव, निवासी कठिनहिया थाना रामकोला जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है।
जांच के दौरान आरोपी के पास से करीब 2 किलो अवैध गांजा, एक देशी तमंचा (315 बोर) और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल (UP57 CA 8012) को भी कब्जे में लिया गया है।
इस संबंध में थाना भिटौली पर मु0अ0स0-077/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट और 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से नशे की तस्करी में सक्रिय था और बाइक के जरिए सप्लाई करता था। मामले में और लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।


