हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। पनियरा ब्लाक क्षेत्र के ग्राम पंचायत कमता बुजुर्ग से जुड़ी कृषि विभाग की एक गंभीर शिकायत ने प्रशासनिक महकमे में हलचल मचा दी है। आईजीआरएस के माध्यम से दर्ज शिकायत पर जिला कृषि अधिकारी शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने बीसी बैठक में स्वयं उपस्थित होकर मामले को गंभीरता से सुना और तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी नसीहत दी।
बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत विशनपुरा निवासी एक व्यक्ति द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि बिना लाइसेंस के फर्जी बिल तैयार कर खरपतवार नाशक दवाओं की बिक्री दर्शाकर सरकारी धन की निकासी की गई है। मामले की जांच जारी है, वहीं इस आरोप ने विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बीसी बैठक के दौरान जब यह मामला सामने आया तो जिला कृषि अधिकारी ने तत्परता दिखाते हुए शिकायतकर्ता के साथ पहुंचे एक पत्रकार के मोबाइल फोन से संबंधित अधिकारियों से सीधे बातचीत की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्य में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
मामले में सख्ती के बाद कुछ लोगों की नाराजगी भी सामने आई है। आरोप है कि दिलीप पटेल नामक व्यक्ति द्वारा संबंधित पत्रकार को फोन कर धमकी दी जा रही है। पत्रकार से कहा गया कि मामले को यहीं समाप्त कर दें, अन्यथा उन्हें पत्रकारिता छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया जाएगा।
घटना के बाद क्षेत्र में पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय पत्रकारों का कहना है कि जनहित के मुद्दे उठाने पर इस तरह की धमकियां मिलना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा प्रहार है।
स्थानीय लोगों एवं पत्रकार संगठनों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पत्रकार को धमकी देने वाले व्यक्ति के विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है।

