महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र स्थित परतावल मुख्य चौराहे पर शुक्रवार की भोर करीब 2 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेला और डम्पर की आमने-सामने भिड़ंत में दोनों वाहन पलट गए, जिससे ट्रेला चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा नंबर का ट्रेला (HR 63 C 0052) कप्तानगंज की ओर से आ रहा था, जबकि डम्पर (UP 79 AT 5990) गोरखपुर की दिशा से आ रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेला तेज गति में था और पनियरा की ओर मुड़ने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे डम्पर को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक दिशा बदली, जिससे दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर पलट गए। हादसे के समय ट्रेला पर रिफाइंड तेल लदा हुआ था, जबकि डम्पर खाली बताया जा रहा है। दुर्घटना की चपेट में चौराहे पर स्थित एक जूस कॉर्नर भी आ गया, जिससे दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल ट्रेला चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
वहीं, डम्पर चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में चौकी प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

