हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
गोरखपुर/महराजगंज। गोरखपुर नौकाविहार क्षेत्र में सोशल मीडिया के लिए रील बना रहे एक युवक के साथ सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोप है कि महराजगंज से आए छह युवकों ने युवक को जबरन कार में बैठाकर अगवा कर लिया और मारपीट के बाद करीब 30 किलोमीटर दूर भटहट के पास चलती कार से सड़क किनारे फेंक दिया। संयोग से युवक बालू पर गिरने से बच गया, जिससे उसकी जान बच सकी।
बताया गया कि युवक नौकाविहार में वीडियो शूट कर रहा था, तभी दो कारों से पहुंचे युवकों ने उसे घेर लिया। पहले उसके साथ मारपीट की गई, फिर मोबाइल फोन खंगालते हुए उसे कार में डाल लिया गया। रास्ते भर उसके साथ बर्बरता होती रही। बाद में भटहट के समीप उसे चलती कार से नीचे फेंक दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित की मां ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर देर रात युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया। मामले में अपहरण का मुकदमा दर्ज कर छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। सभी आरोपी महराजगंज जनपद के बताए जा रहे हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि एक युवती के लापता होने के शक में आरोपियों ने युवक को उठाया था। मोबाइल की कॉल हिस्ट्री और लोकेशन जांचने के बाद उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



