वार्षिकोत्सव में दिखी प्रतिभाओं की चमक, मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



भिटौली/ महराजगंज जिले के विकास खंड पनियरा अंतर्गत ग्राम सभा सोहरौना तिवारी में स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय (कम्पोजिट) में मंगलवार को वार्षिकोत्सव एवं मेधा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, वहीं मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।


समारोह के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी पनियरा शिवकुमार एवं विशिष्ट अतिथि डायट प्रवक्ता अर्जुन शाही रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष हरिश शाही ने की, जबकि संचालन शम्स तबरेज द्वारा किया गया।


अपने संबोधन में मुख्य अतिथि शिवकुमार ने कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को लगन और परिश्रम के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही प्रगति और विकास की दिशा में आगे बढ़ता है। विशिष्ट अतिथि अर्जुन शाही ने भी बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के साथ-साथ क्षेत्र के गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से सुनील मिश्रा, प्रमोद पटेल, नागेंद्र रामेश्वर मौर्य, अविनाश चौधरी, प्रदीप मणि त्रिपाठी समेत कई लोग मौजूद रहे।


समारोह का समापन उत्साह और उमंग के माहौल में हुआ, जिसमें बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *