शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती, तीन का चालान, एक वाहन सीज

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज, 7 अप्रैल। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के कड़ाई से पालन को लेकर महराजगंज पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। थाना श्यामदेउरवा क्षेत्र के परतावल चौराहे पर ‘ऑपरेशन कार-ओ-बार’ के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई।


पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में क्रिटिकल कॉरिडोर टीम और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से वाहन चालकों की जांच की। इस दौरान ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच कर यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी चालक शराब के नशे में वाहन न चला रहा हो।


चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए तीन वाहनों का चालान किया गया, जिन पर कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, एक वाहन को सीज भी किया गया।


अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा शराब पीकर वाहन न चलाने की अपील की। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *